
नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह दुनिया को अलविदा कह गए है। उन्होंने 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व पीएम लंबे समय से बीमार थे। राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए थे। गौरतलब है कि मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे।

मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। इतना ही नहीं, मनमोहन सिंह का होशियारपुर से भी गहरा नाता है। उन्होंने होशियारपुर के सरकारी कॉलेज में कॉमर्स की पढ़ाई की और उसके बाद प्रोफेसर भी रह चुके हैं। इस मौके पर सरकारी कॉलेज होशियारपुर के प्रिंसिपल अनीता सागर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।












