
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। अमृतसर की हैरिटेज स्ट्रीट में स्थापित भारत रत्न बाबा साहिब डा.बी.आर. अंबेडकर जी की प्रतिमा को एक व्यक्ति द्वारा नुक्सान पहुंचाने की कोशिश करने के मामले पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि बाबा साहिब का अपमान करने वाले शख्स को कड़ी सजा दी जाएगी। मोहिंदर भगत ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि इससे भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहिब जी का सम्मान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे जघन्य कृत्यों में शामिल शरारती तत्वों के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी को भी प्रदेश की शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और साथ ही पंजाब में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे असामाजिक और राष्ट्र-विरोधी तत्वों के नापाक मंसूबों को विफल करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क और वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जो भी इस प्रकार की हरकतों से राज्य की कानून-व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मोहिंदर भगत ने लोगों से पूर्ण सहयोग की अपील की और कहा कि पंजाब को सबसे शांतिपूर्ण और भाईचारा वाला राज्य बनाने के लिए सांप्रदायिक सद्भाव और शांति बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई जाए।












