Wednesday, October 21, 2026
Home International सैन्य हेलीकॉप्टर से टकराया यात्री विमान, 19 शव बरामद

सैन्य हेलीकॉप्टर से टकराया यात्री विमान, 19 शव बरामद

नई दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। अमेरिका के वाशिंगटन के नजदीक रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय एक यात्री विमान सेना के एक हेलीकॉप्टर से टकरा गया। हादसे के बाद निकटवर्ती पोटोमैक नदी में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। फिलहाल 19 शवों के बरामद किए जाने की बात सामने आ रही है। विमानन कंपनी ‘अमेरिकन एयरलाइंस’ के मुताबिक, विमान में 60 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। हवाई अड्डे पर विमान परिचालन रोक दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यात्री विमान से टकराए सैन्य हेलीकॉप्टर ने प्रशिक्षण के लिए उड़ान भरी थी।

Advertisements

कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हेलीकॉप्टर जीवित लोगों की तलाश एवं बचाव के लिए घटनास्थल के हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहे हैं। हवाई अड्डे के ठीक उत्तर में जॉर्ज वॉशिंगटन पार्कवे के पास स्थित एक स्थान से बचाव नौकाओं को पोटोमैक नदी में उतारा गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें रीगन राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई भयावह दुर्घटना के बारे में जानकारी दी गई है।

इस बीच अमेरिकी गृह मंत्री ने कहा कि दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए तटरक्षक बल सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर रहा है। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने बताया कि यह टक्कर पूर्वी मानक समयानुसार रात लगभग नौ बजे हुई, जब कंसास के विचिटा से उड़ान भरने वाला एक क्षेत्रीय विमान हवाई अड्डे के रनवे पर पहुंचते समय एक सैन्य ‘ब्लैकहॉक’ हेलीकॉप्टर से टकरा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here