Thursday, October 29, 2026
Home Latest समाज में फैले अंधविश्वास व कुरीतियों को दूर करें पुजारीगण: प्रो. चावला

समाज में फैले अंधविश्वास व कुरीतियों को दूर करें पुजारीगण: प्रो. चावला

अमृतसर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में आज पुजारियों की बैठक अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकांता चावला की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर प्रो. चावला ने पुजारियों से कहा कि 2 फरवरी को शहीद हकीकत राय का बलिदान दिवस श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में स्थित शहीद हकीकत राय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने पुजाारियों से अपील की कि शहीद के विषय में अधिक से अधिक लोगों को जानकारी दें। प्रो. चावला ने कहा कि समाज में महिलाओं को बराबरी का सम्मान देने की बात कही जाती है। दुख का विषय है कि महिलाओं को धार्मिक स्थानों पर ही समानता नहीं मिल रही। आज भी उन्हें अंधविश्वास का शिकार बनाया जा रहा हैं। महिलाओं के दाहिने हाथ में मौली नहीं बांधी जाती। कई मंदिरों में तो महिलाओं का प्रवेश ही निषेध किया गया है। यह कैसी समानता है।

Advertisements

जिस प्रकार राजाराममोहन राय जी ने सती प्रथा समाप्त की थी, स्वामी दयानंद जी ने महिलाओं को शिक्षित करने का क्रम शुरू किया, वैसे ही आप सब पुजारी समाज में फैले अंधविश्वास दूर करें। समाज में फैली कुरीतियों को मिटाएं। मंदिर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को इन कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दें। पुजारियों ने प्रो. लक्ष्मीकांता चावला की बात का समर्थन किया। कुछ पुजारियों ने कहा कि कुछ सदस्यगण उनसे दुर्व्यवहार करते हैं, यहां तक की गाली भी निकाल देते हैं। अध्यक्ष प्रो. लक्ष्मीकांता चावला ने कहा कि कोई भी अपशब्द कहे तो इसे सहन न करें। इसकी शिकायत तत्काल मुझे करें। इस अवसर पर बिमल अरोड़ा, विधु पुरी, डा. राकेश शर्मा, राजू जूडो, जियालाल आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here