Saturday, October 31, 2026
Home Hoshiarpur विधायक जिंपा ने गुरुद्वारा जाहरा जहूर साहिब को जाने वाली रोड पर स्ट्रीट...

विधायक जिंपा ने गुरुद्वारा जाहरा जहूर साहिब को जाने वाली रोड पर स्ट्रीट लाइटों का किया उद्घाटन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने आज पुरहीरां में स्थित छठी पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद सिंह जी की चरणछोह प्राप्त गुरुद्वारा जाहरा जहूर साहिब को जाने वाली सड़क पर स्थापित की गई 79 अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटों का उद्घाटन किया। यह स्ट्रीट लाइटें लगभग 35 लाख रुपये की लागत से लगाई गई हैं और इन्हें इलाके के निवासियों को समर्पित किया गया है। इस अवसर पर विधायक जिंपा ने कहा कि पुरहीरां पुलिस चौकी के सामने से गुजरने वाली इस सड़क का उपयोग न केवल गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए किया जाता है, बल्कि जालंधर रोड की ओर जाने के लिए भी लोग इस सड़क को शॉर्टकट के रूप में चुनते हैं। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइटों की स्थापना से इस सड़क पर रात के समय सुरक्षा में काफी सुधार हुआ है। पहले इस क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी न होने के कारण लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाएं होती थीं, लेकिन अब लोग खुद को अधिक सुरक्षित और आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।

Advertisements

विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने जानकारी दी कि सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए शहर के अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। इनमें नलोईयां चौक, भगवान वाल्मीकि जी की मूर्ति से टांडा रोड तक, फूड स्ट्रीट, सदर थाना चौक से फूड स्ट्रीट तक, और फूड स्ट्रीट से इंडोर स्टेडियम तक की सड़कें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में शहर के उन हिस्सों में भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जहां अब तक रोशनी की व्यवस्था नहीं है, ताकि पूरे शहर को सुरक्षित और सुंदर बनाया जा सके। विधायक जिंपा ने कहा कि यह सब कुछ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की दूरदर्शी नीतियों के कारण संभव हो पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सरकार पंजाब के प्रत्येक शहर और गांव को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने विधायक ब्रम शंकर जिंपा का दिल से धन्यवाद किया और उनके इस कदम की सराहना की। कार्यक्रम में मेयर सुरिंदर कुमार, पार्षद जसवंत राय, पार्षद मंजीत कौर, कुश शारदा, रंजीत, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here