
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की शानदार जीत हुई है। जिसके बाद भाजपा ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को हटाने की योजना बना रहे हैं। भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली चुनाव हारने के बाद अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की दिल्ली में बैठक बुलाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह भगवंत मान जी को अयोग्य करार देकर उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब में नशे की समस्या को नियंत्रित करने में विफल रहने और महिलाओं को 1000 रुपये मासिक सहायता देने के वादे को पूरा न कर पाने का पूरा ठीकरा भगवंत मान पर फोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब के विधायकों से यह कहलवाना चाहते हैं कि वे ‘अच्छे आदमी’ हैं और उन्हें ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।” उन्होंनें मुख्यमंत्री भगवंत मान को सतर्क रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि हम दिल्ली को बर्बाद करने वाले व्यक्ति को पंजाब भी तबाह नहीं करने देंगे। कोई पंजाबी यह बर्दाश्त नहीं करेगा। केजरीवाल जी, यह सपना भूल जाइए।”












