Monday, October 12, 2026
Home Latest दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना का प्रस्ताव हुआ पास, 10 लाख तक...

दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना का प्रस्ताव हुआ पास, 10 लाख तक का होगा Free इलाज

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में दिल्ली के लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने के लिए कैबिनेट की पहली बैठक में प्रस्ताव पारित किया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली के लोगों को आयुष्मान योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से 5 लाख तक और दिल्ली सरकार की ओर से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। आयुष्मान भारत योजना जिसे प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) के नाम से भी जाना जाता है, इसे अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने दिल्ली में लागू नहीं किया था। इस कारण इसको भाजपा ने चुनाव में मुद्दा बनाया था। इस योजना को केंद्र सरकार ने 2018 में निम्न आय वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य सेवा के लिए वित्तीय सहायता देने के लिए शुरू किया था। यह योजना प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का चिकित्सा कवरेज देती है। दिल्ली में इस योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर मिलेगा। आयुष्मान योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्टर्ड हॉस्पिटल में जाएं और  सुनिश्चित करें कि आप जिस अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं, वह आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आता है। अस्पताल के हेल्प डेस्क से संपर्क करके या आयुष्मान भारत की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसकी पुष्टि कर सकते हैं।

Advertisements

अस्पताल के हेल्प डेस्क पर अपना आयुष्मान भारत कार्ड या कोई आधिकारिक रूप से जारी किया गया डॉक्यूमेंट दिखाएं। इसके बाद कर्मचारी आपकी पात्रता और दस्तावेजीकरण की पुष्टि करेंगे। पुष्टि होने के बाद आप अपनी चिकित्सा स्थिति के लिए कैशलेस इलाज प्राप्त कर सकते हैं। लिस्टेड अस्पतालों की खोज करने या अपनी पात्रता की जांच करने के लिए आयुष्मान भारत की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं या योजना की हेल्पलाइन का उपयोग करें। बता दे कि 70 साल से अधिक आयु वर्ग के लिए आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना में नामांकन के लिए केवल आधार कार्ड की आवश्यकता है। आयुष्मान कार्ड के नामांकन और जारी करने के लिए आधार-बेस्ड ई-केवाईसी अनिवार्य है. इसके लिए सभी वरिष्ठ नागरिकों को एक अलग कार्ड मिलेगा, जिसे beneficiary.nha.gov.in पर जाकर प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए कोई प्रतीक्षा अवधि नहीं है. लाभार्थी नामांकन के पहले दिन से ही उपचार प्राप्त करना शुरू कर सकते हैं क्योंकि कवरेज तुरंत शुरू हो जाता है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here