
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली विधानसभा के सत्र के तीसरे दिन विपक्ष की नेता और आप विधायक आतिशी की विधानसभा के गेट पर पुलिसकर्मियों से बहसबाजी हो गई। जिस कारण काफी देर तक हंगामा हुआ। आतिशी ने पूछा कि उन्हें विधानसभा में क्यों नहीं जाने दिया जा रहा है? जिस पर पुलिसकर्मी ने जवाब देते हुए कहा कि स्पीकर का आदेश है कि आप विधायकों नही जाने दिया जाए। इस पर आतिशी भड़क गई और आदेश की कॉपी मांगने लगी। आतिशी ने कहा कि आप मुझे कागज दिखाइए।

आतिशी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी बता रहे हैं कि उनके पास स्पीकर से आदेश आए हैं कि आम आदमी पार्टी के विधायकों को गेट पर ही रोक दिया जाए। उन्हें विधानसभा के अंदर ना आने दिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार हुआ है कि चुने हुए विधायकों को विधानसभा परिसर में नहीं जाने दिया जा रहा है। इस दौरान विधायक अमानतुल्लाह खान विधानसभा पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप विधायकों के साथ अन्याय हो रहा है। मैं सदन में इसकी आवाज उठाऊंगा।












