
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी स्कूल चौहाल में तैनात पंजाबी अध्यापक अवतार सिंह को पी.एच.डी. करने पर जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अंकुर शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।

इस मौके पर लेक्चरर पूनम विरदी, संदीप कुमार सूद विशेष तौर पर उपस्थित हुए। अंकुर शर्मा ने इस मौके पर कहा कि पी.एच.डी. करना हर एक का एक सपना होता है। अवतार सिंह ने अपनी नौकरी के दौरान इस सपने को न केवल देखा बल्कि दिन रात मेहनत करके इसे पूरा भी किया। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति सारी उम्र कुछ ना कुछ सीखता रहता है। क्योंकि अक्सर कहा जाता है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। आप कोई भी काम करो उसमें कई तरह की रुकावटें आती हैं। लेकिन जो लोग अपनी धुन के पक्के होते हैं वह अपने लक्ष्य को प्राप्त करके ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी योग्यता का बच्चे भी लाभ उठाएंगे।
इस मौके पर अवतार सिंह ने कहा कि अपने साथियों और पारिवारिक सदस्यों के सहयोग से ही वह पी.एच.डी. करने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके अभिभावकों ने यह सपना देखा था कि उनका बेटा पी. एच.डी. करें और उन्हें इस बात की खुशी है कि वह अपने अभिभावकों का सपना पूरा करने में सफल रहे हैं। इस मौके पर लेक्चरर अशोक कुमार कालिया, सरबजीत कौर तथा आकाशदीप कौर भी उपस्थित थे।












