
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। टौणीदेवी-ऊहल कक्कड़ सड़क पर गवारडू पटवार घर के पास पिछले 4-5 वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बरसात के दिनों में यह परेशानी और गंभीर हो जाती है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से क्षति बढ़ रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो सकते हैं। यहां हल्की बारिश में भी पानी जमा हो जाता है और तलाब का रूप धारण कर लेता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क भी खराब हो रही है। बावजूद इसके, स्थायी समाधान न होने से परेशानी जस की तस बनी हुई है।

लोक निर्माण विभाग के सबडिवीजन टौणीदेवी के एसडीओ नीतीश भारद्वाज ने बताया कि विभाग इस समस्या को हल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। लेकिन जहां से पानी निकाला जा सकता है, वह जमीन निजी स्वामित्व में है। यदि संभावित भूमि मालिक सहमति देते हैं और पाइपलाइन या अन्य जल निकासी व्यवस्था की अनुमति मिलती है, तो विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा।











