
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी का भाखड़ा बांध में गाह घोड़ी से शव बरामद होने की सूचना प्राप्त हुई है। वह 10 मार्च से लापता थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। प्राप्त जानकारी मुताबक तलाई थाना क्षेत्र में भाखड़ा बांध के गाह घोड़ी में कुछ मछुआरों ने पानी में शव तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। वहीं शव मिलने के बाद विमल नेगी के परिजनों ने उनकी शिनाख्त की।

बताया जा रहा है कि विमल नेगी 10 मार्च को शिमला से टैक्सी लेकर बिलासपुर के घुमारवीं पहुंचे थे। वहां से उन्होंने प्राइवेट टैक्सी को वापस भेज दिया था, जिसके बाद से वह लापता थे। परिजनों के अनुसार वह आखिरी बार बिलासपुर के घुमारवीं में सीसीटीवी फुटेज में नजर आए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। विमल नेगी के लापता होने के बाद उनका परिवार काफी परेशान था।

इस दौरान उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और पुलिस प्रशासन से कई बार उन्हें जल्द से जल्द खोजने की अपील की थी। विधानसभा में भी यह मामला उठा था, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने विमल नेगी को जल्द खोजने का भरोसा दिया था। उनके परिजनों ने राजस्व मंत्री जगत नेगी से मुलाकात कर बताया था कि विमल नेगी किसी काम के दबाव में थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि तलाई थाना के तहत भाखड़ा बांध में गाह घोड़ी के पास एक शव बरामद हुआ है। पहली दृष्टि में शव विमल नेगी का ही प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।












