
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 3 हमीरपुर से मंडी के एनआईटी हमीरपुर से पाड़छू तक के हिस्से में आखिरकार सोलर लाइटें लगना शुरू हो गई हैं। करीब 40 किलोमीटर के इस खंड में करीब करीब 400 सोलर लाइट लगाई जानी है। एनएचएआई और मिनिस्ट्री ऑफ रोड एंड हाइवे के प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट की देखरेख में उच्च क्वालिटी की ये सोलर लाइट बहु प्रतीक्षित निर्माणाधीन नेशनल हाइवे को दूधिया रोशनी से नहला देंगी। फिलहाल आबादी वाले क्षेत्र में हर 40 मीटर पर सोलर लाइट के खंभे गाड़ने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। बताया जा रहा है कि रामनवमी तक सोलर लाइटों से हाइवे जगमग हो उठेगा। हाइवे पर करीब 400 से अधिक लाइटें लगेंगी। गौरतलब रहे कि एनआईटी, कोट, बारी मंदिर, समीरपुर, आवाहदेवी, चोलथला, रखोह, सरकाघाट, पाड़छू से गुजर रहे हाइवे पर सोलर लाइटें लगाने की योजना है।

इसको लेकर एनएचएआई ने प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट को नेशनल हाईवे निर्माण और रख-रखाव करने वाली कंपनी को हाइवे पर सोलर लाइटें बारे आदेश दिए थे । कंपनी के हाइवे इंजीनियर अंकित सिंह का कहना है कि सोलर लाइटें रामनवमी तक लगाने की योजना है। लाइटें हाइवे पर आबादी वाले सभी क्षेत्रों में लगेंगी। सभी लाइटें सोलर युक्त हैं जिससे बिजली का खर्चा बचेगा।













