
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। टौणी देवी स्थित लोकनिर्माण विभाग के एक्सियन को बारी गांव के ग्रामीणों ने झनिक्कर से बारी सड़क को बहाल करने बारे ग्राम पंचायत बारी के प्रधान रविंद्र ठाकुर के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों राजमल चौहान , पुरुषोत्तम चौहान , सुनील चौहान, अर्चना चौहान, विजय, दलजीत, करतार चंद, अशोक कुमार,कुलदीप, संजीव, विनोद के मुताबिक नेशनल हाईवे नंबर तीन के निर्माण के दौरान संपर्क मार्ग झनिक्कर से बारी को क्षति पहुंची है। इससे बारी गांव में बड़ी गाड़ी, स्कूल बस, और दोपहिया वाहन पहुंचना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण बार बार एनएच निर्माण कंपनी के साइट इंजीनियर को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने तथा सही ग्रेडिंग कर सड़क सुविधा बहाल करने की मांग करते आए हैं लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई है।

लोगों ने मांग की है कि झनिक्कर से बारी सड़क को शीघ्र ग्रेडिंग सहित दुरुस्त करें। यदि संपर्क मार्ग ठीक न हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे जिसकी जिम्मेवारी एनएच निर्माण कंपनी और विभाग की होगी। इस बारे ग्राम पंचायत बारी के प्रधान रविंद्र ठाकुर ने कहा है कि लोगों की मांग जायज है। इस संपर्क मार्ग को एच आर टी सी के रूट के लिए पास किया जाना था लेकिन अब इसे निर्माण कंपनी ने क्षति ग्रस्त कर डाला है। वहीं टौणी देवी स्थित लोकनिर्माण विभाग के एक्सियन इंजीनियर देव राज भाटिया ने बताया कि संपर्क मार्ग को क्षतिग्रस्त करने पर निर्माण कंपनी से जबाव मांगा गया है। शीघ्र ही सड़क की मरम्मत करवा दी जाएगी।












