
रूपनगर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-ध्रुव नारंग। नैना जीवन ज्योति क्लब रूपनगर द्वारा सिविल अस्पताल रूपनगर में ठंडे पेयजल के लिए वाटर कूलर भेंट किया गया। जिसकी शुभ शुरुआत सिविल सर्जन डॉ. तरसेम सिंह ने अपने कर कमलो से की। इस अवसर पर डॉ. तरसेम सिंह सिविल सर्जन रूपनगर ने क्लब का धन्यवाद किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इस क्लब द्वारा सिविल अस्पताल में ठंडे पानी वाला वाटर कूलर लगाया गया है, जो गर्मी के दिनों में मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग को इस क्लब द्वारा समर्थन दिया जाता है। यह क्लब लोगों को काफी सहयोग प्रदान करता है जिसमें नैना जीवन ज्योति क्लब पिछले 10 वर्षों से रूपनगर जिले में नेत्रदान, अंगदान, देहदान तथा रक्तदान जैसे महादानों के लिए स्थानीय लोगों को प्रेरित कर रहा है। समय-समय पर क्लब स्कूलों, कॉलेजों और धार्मिक आयोजनों में जाकर नेत्रदान और अंगदान जागरूकता शिविरों का आयोजन करता है। तथा नेत्रदान जागरूकता साइकिल रैली भी निकाली जाती है तथा अब तक क्लब द्वारा 12 नेत्रदान करवाकर 24 व्यक्तियों के जीवन में रोशनी लाई गई है तथा सैकड़ों नेत्रदाताओं ने स्वेच्छा से मरणोपरांत नेत्रदान फार्म भरे हैं।

इसके अलावा क्लब द्वारा ‘अपनी दुकान’ नाम से एक दुकान भी चलाई जा रही है, जहां क्षेत्र के निवासी उपयोगी वस्तुएं (कपड़े, फर्नीचर, बच्चों के खिलौने, बर्तन आदि) दान करते हैं तथा क्लब द्वारा यह सभी वस्तुएं जरूरतमंदों को निःशुल्क वितरित की जाती हैं, जो जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही है, जिसका लाभ अब तक हजारों लोग उठा चुके हैं। हर दिन 8 से 10 लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। समय-समय पर क्लब द्वारा बस्तियों, लेबर कैंपों, लेबर चौकों आदि में जाकर जरूरतमंदों को आवश्यक वस्तुएं वितरित की जाती हैं। इस अवसर सिविल सर्जन डॉक्टर तरसेम सिंह के साथ रूपनगर सीएमओ डॉक्टर उपेंद्र सिंह तथा क्लब सदस्य बलजिंदर दीप खुराना, अतिंदर पाल सिंह, ध्रुव नारंग, प्रवीण जैन, वीरेंद्र व्यास, ब्लड बैंक से अमनदीप व सिविल अस्पताल स्टाफ मुख्य रूप से मौजूद रहे।












