
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), राकेश भार्गव। सरबत दा भला ट्रस्ट के संस्थापक डा एस पी सिंह ओबेरॉय जी के मार्गदर्शन में कार्यरत होशियारपुर इकाई के प्रधान आज्ञा पाल सिंह साहनी के नेतृत्व में आज जरूरतमंद भाई बहनों को मासिक पेंशनें वितरित की गईं। सचिव अवतार सिंह ने बताया कि अकेले जिला होशियारपुर में 89 जरूरतमंद भाई, विधवा एवं बेसहारा बहनों को मासिक पेंशनें डॉ ओबेरॉय की निजी जेब से प्रदान की जाती हैं।

इस मौके पर उपस्थित ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलराम सिंह रंधावा तथा कोषाध्यक्ष राकेश भार्गव ने बताया कि डॉ ओबरॉय द्वारा समाज सेवा में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर आंखों के चेक अप कैंप लगा कर मरीजों की आंखों के आपरेशन मुफ़्त में करवाए जाते हैं। होशियारपुर में गुरुद्वारा श्री कलगीधर में मेडिकल लेबोरेटरी बड़ी सफलता से कार्य कर रही है। यहां नाममात्र शुल्क से बल्ड के सभी टेस्ट किए जाते हैं। जरूरतमंद लोगों के लिए डायलिसिस मशीनों का भी प्रबंध किया गया है। समाज सेवा में आगे बढ़ते हुए युवा वर्ग को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए निःशुल्क कंप्यूटर एवं सिलाई कढ़ाई सेंटर खोले गए हैं।
यहां से पास होने वालों को आई एस ओ 9001/2015 सर्टिफिकेट दिए जाते हैं।जो पूरी तरह मान्य हैं। शीघ्र ही गुरूद्वारा साहब की प्रबंधक कमेटी के सहयोग से डैंटल क्लीनिक समाज सेवा में अर्पित कर दी जाएगी।इस मौके अन्य के अलावा ज्वॉइंट सचिव मास्टर गुरप्रीत सिंह, जगमीत सिंह सेठी, विक्रम सिंह एवं डॉ दिलबाग सिंह भी उपस्थित थे।











