
जयपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जयपुर से चंडीगढ़ जा रहे विमान का हवा में इंजन खराब होने के कारण इमरजैंसी लैंडिंग करवाई गई। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हादसा होने से बचाया गया। सेफ लैंडिंग होते ही विमान में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी गेट से रेस्क्यू किया गया और विमान को घेरकर उसकी जांच की गई। DGCA ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट 6E-7742 ने शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जयपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी।

फ्लाइट को एक घंटे 10 मिनट बाद करीब 7 बजे चंडीगढ़ में लैंड होना था, लेकिन एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले हवा में ही विमान के दोनों इंजन फेल हो गए। इंजन फेल होने से विमान में फ्लेम आउट हो गया। पायलट को विमान में आई खराबी के बारे में पता चला तो उसने क्रू मेंबर्स से विचार विमर्श किया। पायलट ने ATC से संपर्क किया और विमान में सवार सभी 150 यात्रियों को अलर्ट किया। पायलट ने ATC के डायरेक्शन में सूझबूझ दिखाते हुए फ्लाइट की चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग कराई।












