Thursday, October 29, 2026
Home Latest ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को पहुंची क्षति, अमेरिका की न्यूयॉर्क टाइम्स की...

ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान को पहुंची क्षति, अमेरिका की न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट ने तबाही के दिए सबूत

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा किए गए हमलों में पाकिस्तान के कई प्रमुख एयरफील्ड्स तबाह हो गए, जिसके बाद पाकिस्तान घुटनों पर आ गया और उसने सीजफायर का प्रस्ताव दिया। इस बीच अमेरिका की न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी खबर में उपग्रहों से प्राप्त तस्वीरों के हवाले से कहा है कि ऐसा प्रतीत होता है कि चार दिनों तक चले हालिया सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तान सैन्य ठिकानों और हवाई अड्डों को निशाना बनाने में भारत को स्पष्ट बढ़त हासिल हुई थी। खबर के मुताबिक, हमलों से पहले और बाद की उपग्रह से प्राप्त हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीरों में भारतीय हमलों से पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को स्पष्ट नुकसान दिखाई देता है। खबर में कहा गया है, ‘‘भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चला सैन्य संघर्ष दो परमाणु संपन्न देशों के बीच आधी सदी में सबसे व्यापक लड़ाई थी। चूंकि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की हवाई सुरक्षा का परीक्षण करने और सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया, इसलिए उन्होंने गंभीर नुकसान पहुंचाने का भी दावा किया।’’

Advertisements

इसमें कहा गया है कि उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से संकेत मिलता है कि हमले व्यापक थे, लेकिन नुकसान दावे के मुकाबले कहीं ज्यादा सीमित था। खबर में कहा गया है, ‘‘ऐसा लगता है कि ज्यादातर नुकसान भारत ने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को पहुंचाया।’’ इसमें कहा गया है कि हाई-टेक युद्ध के नए युग में, तस्वीर द्वारा सत्यापित दोनों पक्षों द्वारा किए गए हमले सटीक रूप से लक्षित प्रतीत होते हैं। खबर में कहा गया है, ‘‘भारत को पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों और हवाई क्षेत्रों को निशाना बनाने में स्पष्ट बढ़त मिली है, क्योंकि लड़ाई का दूसरा चरण प्रतीकात्मक हमलों और बल के प्रदर्शन से एक-दूसरे की रक्षा क्षमताओं पर हमलों में बदल गया।’’

भारत के रक्षा अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के बंदरगाह शहर कराची से 100 मील से भी कम दूरी पर स्थित भोलारी एयर बेस पर एक विमान हैंगर पर सटीक हमला किया है। भारतीय सेना ने कहा कि उसने विशेष रूप से पाकिस्तान के कुछ प्रमुख हवाई अड्डों पर रनवे और अन्य सुविधाओं को निशाना बनाया था और इस रिपोर्ट में भी कहा गया है कि उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से नुकसान दिखा। इसमें कहा गया है कि इसके मद्देनजर 10 मई को पाकिस्तान ने रहीम यार खान हवाई अड्डे के लिए एक नोटिस जारी किया था जिसमें कहा गया था कि रनवे क्रियाशील नहीं है। भारतीय सेना ने कहा कि उसने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में सरगोधा हवाई अड्डे पर रनवे के दो हिस्सों पर हमला करने के लिए सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया था। खबर में कहा गया है, ‘‘जिन स्थानों पर पाकिस्तान ने हमला करने का दावा किया है उसकी उपग्रह से प्राप्त तस्वीरें सीमित हैं और अभी तक पाकिस्तानी हमलों से हुए नुकसान को स्पष्ट रूप से नहीं दिखा पा रही हैं, यहां तक ​​कि उन ठिकानों पर भी जहां सैन्य कार्रवाई के पुख्ता सबूत थे।’’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here