
महाराष्ट्र (द स्टैलर न्यूज़)। महाराष्ट्र के धुले शहर में एक सरकारी विश्रामगृह से करोड़ों रुपए बरामद होने की सूचना प्राप्त हुई है। गुलमोहर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 से मिली इस करोड़ो की रकम के बाद प्रसाशन में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी मुताबक धुले और नंदुरबार जिलों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए 22 विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल धुले में मौजूद था। इस दौरान, जालना विधानसभा क्षेत्र के विधायक अर्जुन खोतकर के निजी सहायक किशोर पाटिल ने 15 मई से गुलमोहर गेस्ट हाउस का कमरा नंबर 102 बुक किया हुआ था। पूर्व विधायक अनिल गोटे को इस कमरे में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाए जाने की भनक लगी।

इसके बाद उन्होंने कमरे के बाहर धरना शुरू कर दिया। कमरे के बाहर धरना देते हुए आरोप लगाया कि 102 नंबर के कमरे में करोड़ों रुपये छिपाकर रखे गए हैं। गोटे ने प्रशासन के अधिकारियों को फोन कर मौके पर बुलाया, लेकिन दो-तीन घंटे बीत जाने के बाद भी वहां कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। अनिल गोटे ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं बरती गई हैं और शासकीय कार्यालयों से करोड़ों रुपये की रकम को इस सरकारी विश्रामगृह में पहुंचाया गया है।
जब अनिल गोटे और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू किया, तो आखिरकार पुलिस और राजस्व प्रशासन मौके पर पहुंचे। इसके बाद 102 नंबर के कमरे का ताला तोड़ा गया। जिसके बाद कमरे से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रात 11:00 बजे से लेकर तड़के 2:00 बजे तक पुलिस को मशीनों की सहायता से नोटों की गिनती करनी पड़ी। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामद रकम की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। धुले की घटना को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि इसकी सच्चाई बाहर आनी चाहिए। विधानमंडल की समिति पर लगे आरोप हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।












