
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के चलते समीरपुर पंचायत में दो घरों की दीवारें ढह गईं। पहला हादसा समीरपुर गांव की निवासी नुरां देवी पत्नी स्व. धर्म सिंह के पुराने मकान में हुआ, जहां भारी बारिश के कारण दीवार गिर गई। सौभाग्य से किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई। दूसरा मामला गांव सागरोह खुर्द का है, जहां बीपीएल श्रेणी की कांता देवी पत्नी स्व. धर्म चंद का हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बना घर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब अचानक घर की दीवार गिर गई।

उस समय घर में कांता देवी और उनका बेटा रवि कुमार मौजूद थे, लेकिन दोनों सुरक्षित बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत प्रधान ठाकुर चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासन को सूचित करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और मुआवजा दिलवाने का आश्वासन दिया।











