Monday, October 19, 2026
Home Latest गब्बा के ग्रामीणों द्वारा 25 लाख से बनाई एम्बुलेंस रोड डंगे न...

गब्बा के ग्रामीणों द्वारा 25 लाख से बनाई एम्बुलेंस रोड डंगे न लगने से हुई तबाह, सरकार से मदद की गुहार

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। हमीरपुर जिला के बमसन खंड की टपरे पंचायत में जागरूक गब्बा निवासियों ने 25 लाख रुपए चंदा जुटा  अपने ही खर्च पर एम्बुलेंस रोड का निर्माण कर डाला था। अब  डंगे न लग पाने के कारण गब्बा गांव की एम्बुलेंस रोड बरसात में बर्बाद हो गई। ग्रामीणों में रोष है कि अब तक सरकार से कोई सहयोग नहीं मिला है।  

Advertisements

गब्बा गांव के निवासियों द्वारा सामूहिक सहयोग से बनाई गई आधा किलोमीटर लंबी एम्बुलेंस रोड इस वर्ष की बरसात में लगभग 80 प्रतिशत  क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीणों ने 25 लाख का चंदा एकत्र करके इस सड़क का निर्माण किया था, ताकि आपात स्थिति में एम्बुलेंस आसानी से गांव तक पहुंच सके। इस सड़क के लिए नजदीकी गांव कोटलू के लोगों ने अपनी जमीन सड़क के लिए गब्बा निवासियों को दी थी।

हाकम सिंह डोगरा सहित दर्जनों  ग्रामीणों ने पिछले एक वर्ष में सभी संबंधित सरकारी कार्यालयों और जनप्रतिनिधियों से बार-बार सहयोग की मांग की, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के लिए कोई सरकारी मदद नहीं मिली।

बरसात में भारी मिट्टी कटाव के कारण न केवल सड़क नष्ट हो गई है, बल्कि आसपास के घरों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। सड़क पर रिटेनिंग वॉल और टापरिंग का अभाव स्थिति को और बिगाड़ रहा है।

इस सड़क का मूल उद्देश्य- आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस सेवा देना- पूरी तरह विफल हो चुका है। ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल वित्तीय और तकनीकी सहायता की मांग की है, ताकि इस महत्वपूर्ण सड़क को जल्द बहाल किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here