
झारखंड (द स्टैलर न्यूज़)। झारखंड के बोकारो में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोरडेरा के घने जंगलों में हुई गोलीबारी में सुरक्षाबलों ने 25 लाख के इनामी नक्सली कुंवर मांझी सहित दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए है। इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन का एक जवान भी शहीद हो गया है।

सीआरपीएफ ने एक बयान जारी कर कहा, झारखंड के बोकारो जिले के वन क्षेत्र में आज सुबह करीब 6.30 बजे हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक सब-जोनल नक्सल कमांडर कुंवर मांझी उर्फ सहदेव मांझी उर्फ सादे को मार गिराया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस की 209 कोबरा इकाई और झारखंड पुलिस के जवानों द्वारा चलाए गए अभियान में एक एके-47 राइफल भी बरामद की गई।












