
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। दिल्ली सरकार में मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में ‘सड़क सुरक्षा फोर्स’ के लिए खरीदी गई 144 टोयोटा हाइलक्स गाड़ियों की खरीद में ₹14.5 करोड़ का घोटाला हुआ है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मांग की है कि वह इस घोटाले में दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें, अन्यथा यह मामला सीबीआई को सौंपा जाएगा।

सिरसा ने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी संख्या में गाड़ियां थोक में खरीदी गईं, इसके बावजूद कंपनी से कोई छूट (डिस्काउंट) नहीं ली गई, जबकि आम ग्राहक को भी इस श्रेणी की गाड़ी पर लगभग ₹10 लाख की छूट मिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि यह ₹14.5 करोड़ की छूट किसने खा ली?
उन्होंने कहा कि इस खरीद में नकद भुगतान लिया गया, लेकिन कागज़ों में कोई डिस्काउंट नहीं दर्शाया गया, जो सरकारी खजाने को सीधे नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का गंभीर मामला बताया और कहा कि मुख्यमंत्री और डीजीपी की चुप्पी से जनता का शक और गहराता जा रहा है।
सिरसा ने कहा कि चूंकि पंजाब सरकार सीधे आप पार्टी और इसके राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल के नियंत्रण में है, इसलिए नैतिक और राजनीतिक जिम्मेदारी भी उन्हीं की बनती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो वह इसे सीबीआई के हवाले करेंगे ताकि दोषियों को कानूनन सज़ा मिल सके।












