
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालदीव को 4,850 करोड़ का ऋण देने की घोषणा की है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत को इस द्वीपीय राष्ट्र का सबसे भरोसेमंद मित्र होने पर गर्व है। उन्होंनें कहा कि मालदीव भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

उन्होंने कहा कि भारत हमेशा मालदीव की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में उसका समर्थन करेगा। मोदी आज सुबह माले पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुइज्जू और उनकी सरकार के कई शीर्ष मंत्रियों ने वेलेना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। कुछ घंटों बाद, मोदी का प्रतिष्ठित रिपब्लिक स्क्वायर पर औपचारिक रूप से स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।












