
उत्तराखंड (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के हर्षिल इलाके में बादल फट गया। जिस कारण तबाही मच गई है। प्राप्त जानकारी मुताबक इस घटना में 12 लोग मलबे में दब गए है और करीब 60 लोग लापता बताए जा रहे है। जानकारी के अनुसार खीरगाड़ नाले में पानी का स्तर बहुत तेजी से बढ़ गया। पानी के साथ भारी मलबा भी तेजी से बहता हुआ धराली और आसपास के गांवों में घुस आया। इसकी वजह से कई घर, दुकानें और होटल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बाढ़ का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया और मलबे ने लोगों का सामान बर्बाद कर दिया। धराली मार्केट भी इस आपदा से बहुत प्रभावित हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए। भटवाड़ी से एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना की गई है। जिला अधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि हर्षिल के पास धराली में यह एक बड़ी प्राकृतिक आपदा है और सभी जरूरी राहत टीमें काम में लगी हुई हैं। उत्तरकाशी पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि खीरगाड़ का पानी अचानक बहुत बढ़ गया, जिससे धराली में नुकसान हुआ है। पुलिस, सेना, एसडीआरएफ और दूसरी आपदा राहत टीमें मिलकर लोगों की मदद कर रही हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नदियों और नालों से दूर रहें और अपने बच्चों और पालतू जानवरों को भी सुरक्षित जगह पर रखें।












