Sunday, October 4, 2026
Home Himachal हिमाचल के मीलमां के एक होटल में हरसा मानसर के सचिन की...

हिमाचल के मीलमां के एक होटल में हरसा मानसर के सचिन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

हिमाचल प्रदेश-मुकेरियां (द स्टैलर न्यूज़), शर्मा। पंजाब और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर स्थित मीलमां के एक होटल में पंजाब के हरसा मानसर कस्बे के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ यहां एक होटल के कमरे में ठहरा हुआ था। गुस्साए परिजनों ने नशा तस्करों के खिलाफ करवाई करने की मांग करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग को आंशिक रूप से जाम करके विरोध प्रदर्शन भी किया।

Advertisements

जानकारी के अनुसार सचिन कुमार पुत्र सुदर्शन कुमार (29 वर्ष) निवासी हरसा मानसर अपने दो दोस्तों के साथ मीलमां  स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। वह कल रात चंडीगढ़ से सीधे इसी होटल में आया था। आज सुबह उसके दोस्त ने सचिन कुमार के फोन से उसके घरवालों को इस घटना की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि मीलमां कस्बे के अधिकतर होटल नशे के लिए बदनाम हैं और होटल में रुके, उनके बेटे सचिन की मौत सफेद नशीले पदार्थ के सेवन से हुई है। जबकि हिमाचल पुलिस का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी सच्चाई का पता चल पाएगा। उधर होटल प्रबंधकों का कहना अगर मृतक नशे से मरा है तो जो लड़के उसके साथ थे, उनसे पूछा जाए कि वह नशा कहां से लेकर आए थे।

मृतक के पिता सुदर्शन कुमार ने आरोप लगाया कि हिमाचल का मीलमां कस्बा नशा तस्करी के लिए बदनाम है। यहां पहले भी कई युवकों की मौत हो चुकी है और यहां से लगातार पंजाब में नशे की सप्लाई होती रहती है। लेकिन प्रशासन इस संबंध में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। यहां एक विशेष समुदाय बेखौफ होकर नशा बेचता है और प्रशासन भी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। मानसर के सरपंच अनिल ठाकुर और मृतक के पिता सुदर्शन कुमार ने होटल मालिकों और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। 

इस मौके पर डीएसपी इंदौरा संजीव यादव ने कहा कि मृतक युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, लेकिन मौके पर मिली प्रारंभिक जानकारी और मृतक युवक के परिजनों के बयानों के आधार पर उचित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि मीलमां इलाके में विशेष निगरानी रखी जाएगी और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here