
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर के कस्बा चब्बेवाल के गांव सिंघपुर में गत रात्रि 15 मार्च को लीव इन रिलेशन में रहते पुरुष ने अपनी साथी महिला की बुरी तरह पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए तथा आरोपी को गिरफ्तार करके जांच शुरु कर दी थी।

बताया जा रहा है कि मृतका का विवाह गांव में ही हुआ था तथा दोनों में अनबन को देखते हुए दोनों ने पंचायत में तलाक ले लिया था तथा इसके बाद मृतका अपने प्रेमी के साथ लीव इन रिलेशन में रहने लगी थी।
जानकारी अनुसार सतविंदर कौर (36) का विवाह करीब 18 साल पहले गांव के ही निवासी सुखविंदर सिंह के साथ हुआ था तथा विवाह उपरांत उसके तीन बच्चों ने जन्म लिया था। गांव वासियों के अनुसार विवाह के बाद मृतका के गांव के ही निवासी लखविंदर सिंह के साथ अवैध संबंध हो गए थे तथा इसके कारण उनके घर में काफी झगड़ा रहता था। दोनों की कलह को देखते हुए पंचायत में करीब तीन साल पहले उनका तलाक हुआ था तथा पंचायत ने मृतका और उसके प्रेमी को गांव से बाहर रहने की हिदायत की थी। परन्तु वे गांव के भीतर ही रहते थे।
जानकारी अनुसार सतविंदर और लाखविंदर में भी काफी झगड़ा रहता था तथा बात मारपीट तक पहुंच जाती थी। मृतका का एक बच्चा जोकि पहले विवाह से था उसके साथ ही रहता था। लोगों ने बताया कि गत रात्रि भी दोनों में खूब मारपीट हुई तथा सतविंदर के चीखने की आवाज़ें आती रहीं तथा सुबह पता चला कि वे मर चुकी है। लोगों ने इसकी जानकारी थाना चब्बेवाल को दी और सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलविंदरपाल ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल रखवा दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।












