
उत्तर प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता को घर में घुसकर जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जुनाबई के अंतर्गत के ग्राम दबथरा हिमाचल निवासी भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव सोमवार दोपहर के समय अपने गांव में स्थित पशुशाला में बैठे थे कि तभी बाइक पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति आए और गुलफाम सिंह यादव को जहरीला इंजेक्शन लगा दिया। जहरीला इंजेक्शन लगते ही गुलफाम सिंह यादव तड़पने लगे।


गुलफाम यादव को सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उनको हायर सेंटर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ में गुलफाम सिंह यादव की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि मृतक गुलफाम सिंह यादव का पैनल द्वारा पोस्टमाटर्म कराया जा रहा है। घटना की जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरो को खंगाला जा रहा है। कुछ अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।












