Thursday, October 22, 2026
Home Hoshiarpur महिंगरोवाल को मिला विकास का तोहफ़ा, जल्द बनेगा पुल: डॉ. रवजोत

महिंगरोवाल को मिला विकास का तोहफ़ा, जल्द बनेगा पुल: डॉ. रवजोत

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्टः गुरजीत सोनू। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने महिंगरोवाल पुल के निर्माण संबंधी लंबे समय से चल रही जनता की मांग को पूरा करने की घोषणा करते हुए कहा कि अब क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 100 मीटर लंबा यह पुल लगभग 7 करोड़ 8 लाख रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इस परियोजना का टेंडर 8 अगस्त को जारी हो चुका है, जो 21 दिनों के भीतर खोला जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा ताकि जनता जल्द से जल्द इसका लाभ उठा सके। डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि इस पुल के बनने से क्षेत्रवासियों को यातायात में आ रही भारी कठिनाइयों से निजात मिलेगी। वर्तमान में लोग आवाजाही के लिए काज़वे से गुजरते हैं, जो बरसात के मौसम में विशेष रूप से खतरनाक और असुविधाजनक हो जाता है। पुल निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

Advertisements

7 करोड़ से बनेगा आधुनिक पुल

उन्होंने बताया कि महिंगरोवाल पुल का निर्माण न केवल स्थानीय यातायात व्यवस्था में सुधार लाएगा, बल्कि आसपास के गांवों और कस्बों की आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास में तेजी आएगी। स्थानीय निकाय मंत्री ने इस ऐतिहासिक विकास कार्य के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। डॉ. रवजोत सिंह ने विश्वास जताया कि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा और गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग दें ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी तक शीघ्र और समान रूप से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि महिंगरोवाल पुल का निर्माण हमारे क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। यह न केवल यात्रा को सुरक्षित बनाएगा, बल्कि विकास की नई राह भी खोलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here