Sunday, October 18, 2026
Home Hoshiarpur थाईलैंड में गोल्ड जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले भुट्टो को विधायक...

थाईलैंड में गोल्ड जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले भुट्टो को विधायक जिम्पा ने किया सम्मानित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक ब्रम शंकर जिम्पा ने शहर के गौरव, 53 वर्षीय अवतार लाल (भुट्टो) को सम्मानित किया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करते हुए थाईलैंड के पटाया और बैंकॉक में आयोजित आईबीएफएफ  प्रतियोगिता की मास्टर श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया।

Advertisements

विधायक जिम्पा ने कहा कि अवतार लाल ने विदेशी धरती पर तिरंगा लहराकर न केवल अपने परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया, बल्कि यह साबित कर दिया कि समर्पण, कड़ी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से किसी भी उम्र में बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उनका यह स्वर्ण पदक हमारी मिट्टी की ताकत, प्रतिभा और जज्बे का प्रतीक है।

सम्मान समारोह में विधायक जिम्पा ने कहा कि खेल और फिटनेस के क्षेत्र में अवतार लाल जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का योगदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अवतार लाल ने दिखाया है कि अगर जुनून और लगन हो तो उम्र कोई मायने नहीं रखती। उनका यह स्वर्ण पदक होशियारपुर के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज रहेगा।

विधायक जिम्पा ने यह भी आश्वासन दिया कि खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों और फिटनेस की ओर बढ़ें, ताकि वे भी अवतार लाल की तरह देश का नाम रोशन कर सकें।

अवतार लाल ने इस अवसर पर विधायक जिम्पा और सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि पूरे होशियारपुर और पंजाब की है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, खेल प्रेमी और अवतार लाल के परिजन भी मौजूद रहे और उन्होंने उनका जोरदार स्वागत किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here