Thursday, October 15, 2026
Home National टौणी देवी में 30 अगस्त को मेगा पीटीएम, प्रबंधन समिति का प्रधान...

टौणी देवी में 30 अगस्त को मेगा पीटीएम, प्रबंधन समिति का प्रधान पद का होगा चयन

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में 30 अगस्त को पाठशाला प्रबंधन समिति के प्रधान पद का चयन किया जाएगा। इसी दिन विद्यालय प्रांगण में मेगा अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन (पीटीएम) का भी आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य रजनीश रांगड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अनेक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस मेगा पीटीएम का मुख्य आकर्षण “स्विफ्ट चैट” के अंतर्गत समर अभ्यास हिमाचल पोर्टल पर अभिभावकों के फ़ोन पर बच्चों  का पंजीकरण करवाना रहेगा। इस तकनीकी पहल का उद्देश्य अभिभावकों को डिजिटल माध्यम से जोड़ना है, ताकि वे विद्यालय और बच्चों की शैक्षिक गतिविधियों से सीधे अवगत रह सकें।

Advertisements

इस पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग ले सकेंगे, वहीं अभिभावक भी अपने बच्चे की शैक्षिक प्रगति, उपस्थिति, और उपलब्धियों को ऑनलाइन देख पाएंगे। इससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच संवाद और पारदर्शिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने आगे बताया कि पाठशाला प्रबंधन समिति के प्रधान पद का कार्यकाल अभी एक वर्ष शेष था, लेकिन वर्तमान प्रधान रमन मल्कानिया ने अपनी नौकरीगत व्यस्तताओं के चलते इस्तीफा दे दिया है। उनकी रिक्ति को भरने के लिए 30 अगस्त को नया प्रधान चुना जाएगा। विद्यालय प्रशासन को विश्वास है कि अभिभावकगण सक्रिय रूप से इस चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे और विद्यालय की प्रगति में अपनी भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे होगा। प्रधानाचार्य रांगड़ा ने सभी अभिभावकों से विनम्र आग्रह किया है कि वे समय पर पहुँचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय के प्रयासों में सहभागी बनें। उनका कहना है कि विद्यालय तभी नई ऊँचाइयाँ छू सकता है जब शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मिलकर साझा प्रयास करें।

इसके अतिरिक्त  विद्यालय में आज खेल दिवस भी उल्लासपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता संजय ठाकुर के मार्गदर्शन में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के बारे में भी विस्तार से बताया विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना से भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से आयोजित बास्केटबॉल मैच कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल दिखाया और दर्शकों की तालियाँ बटोरीं। प्रधानाचार्य  ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि वे खेलों को पढ़ाई के साथ जोड़कर संतुलित जीवनशैली अपनाएँ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here