
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिक्षा विभाग ने एक बार फिर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सराहनीय पहल की है। हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते जिले के कई गांवों में बाढ़ से व्यापक नुकसान हुआ था। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए होशियारपुर ब्लॉक वन-ए, वन-बी तथा ब्लॉक 2-ए और 2-बी के अध्यापकों ने मिलकर 1 लाख रुपए की राशि एकत्रित की, जिसे उप जिला शिक्षा अधिकारी (एलीमेंट्री) अमनदीप शर्मा के नेतृत्व में रेड क्रॉस सहायता फंड हेतु एसडीएम गुरसिमरनजीत कौर को भेंट किया गया। इस अवसर पर अमनदीप शर्मा ने कहा कि अध्यापक वर्ग केवल पढ़ाई तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज की जिम्मेदारियों को निभाने में भी हमेशा आगे रहता है।

उन्होंने कहा कि इस बाढ़ ने कई लोगों से उनके घर छीन लिए, भोजन जुटाना भी कठिन हो गया और पशुधन भी प्रभावित हुआ। ऐसे हालात में शिक्षकों ने सामूहिक प्रयास करके यह राशि जुटाई है। उन्होंने कहा कि बूंद-बूंद से तालाब भरता है और यदि हम सब मिलकर मदद करें तो प्रभावित परिवारों के कष्ट कुछ कम हो सकते हैं। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश सैनी ने बताया कि उन्होंने स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और वहां की कठिनाइयों को नजदीक से देखा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लगातार राहत पहुंचाई जा रही है और ऐसे समय में शिक्षकों द्वारा रेड क्रॉस फंड में योगदान देना अत्यंत सराहनीय कदम है।
उन्होंने यह भी बताया कि डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के दौरान इस सहायता राशि को एसडीएम के माध्यम से रेड क्रॉस फंड में जमा करवाने के निर्देश दिए थे। एसडीएम गुरसिमरनजीत कौर ने अध्यापक वर्ग की इस पहल की प्रशंसा करते हुए उनके योगदान के लिए धन्यवाद किया। इस मौके पर बीपीईओ चरणजीत कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित थे।












