
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। युवा वाहिनी समिति के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा छोटा ने आज यहां जारी एक प्रैस विज्ञप्ति में कहा है कि जिस प्रकार हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू-कश्मीर में गैर हिमाचली या कश्मीरी जगह नहीं खरीद सकता, उसी की तर्ज पर पंजाब में भी बाहरी लोगों के जमीन खरीदने पर पाबंदी लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज होशियारपुर का सर्वे किया जाए तो हजारों लोग ऐसे होंगे जिनका होशियारपुर या पंजाब से कोई लेना देना ही नहीं होगा, लेकिन किसी बड़े षड्यंत्र के तहत पंजाब में बाहरी लोगों की आबादी को बसाया जा रहा है। इसमें हमारे पंजाबी लोगों की भी गलती है कि वह छोड़े से मुनाफे के लिए देखते ही नहीं कि वह जिस व्यक्ति को घर या दुकान दे रहे हैं वह कौन है और कहां से है। जिसके कारण आज होशियारपुर धीरे-धीरे बारुद के ढेर पर बैठता हुआ दिखाई देने लगा है।

जिस पर सभी को एकजुट होकर सोचने एवं इस पर अलम करने की जरुरत है ताकि मासूम हरवीर सिंह जैसा कांड पुनः न हो और न ही पंजाबिय़ों को सामाजिक सुरक्षा का खतरा पैदा हो। श्री शर्मा ने कहा कि कुछ समय पहले ही होशियारपुर के समूह व्यवसायिक एवं अन्य संगठनों ने बाजारों में महंगे भाव दुकाने खरीदने एवं किराये पर लेने वाले बाहरी लोगों की जांच की मांग की थी कि आखिर उनके पास इतना पैसा आया कहां से व आ कहां से रहा है। लेकिन जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने इस पर कोई कार्यवाही नहीं की। जिसके चलते दिन-ब-दिन बाहरी लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है, जोकि चिंता का विषय है। श्री शर्मा ने युवा वाहिनी की तरफ से समूह वकील भाईचारे व बार एसोसिएशन का धन्यवाद किया, जिन्होंने हरवीर के हत्यारे का केस लड़ने से मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले कि दोबारा कोई इस तरह का हृदयविदारक केस हो, उससे पहले ही हम पंजाबियों को पंजाब और पंजाबियत के लिए एकजुट होकर एक मंच पर आना चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि वह पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।












