
होशियारपुर-चब्बेवाल (द स्टैलर न्यूज़), शाम धीर। होशियारपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर गांव जट्टपुर के समीप मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा गड्ढा कई माह से हादसों का आमंत्रण दे रहा है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा उसे ठीक करवाने की जहमत नहीं उठाई जा रही। विभाग की कार्यप्रणाली से लगता है कि उसे किसी बड़े हादसे का इंतजार है, जिसके बाद अधिकारियों की नींद टूटेगी और वह इसे ठीक करने के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करेंगे।

आसपास के लोगों ने बताया कि दिन के समय तो लोग किसी तरह से यहां से गुजर जाते हैं, लेकिन रात के समय हादसे की आशंका बढ़ जाती है, क्योंकि हाईवे होने के कारण गाड़ियों की स्पीड भी अधिक रहती है। दोपहिया वाहन चालकों पर खतरा अधिक बना हुआ है। राहगीरों ने जिला प्रशासन से अपील की कि वह संबंधित विभाग को निर्देश दे ताकि इस गड्ढे की समस्या से लोगों को निजात मिल सके।












