
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। ज़िले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और इसके वैज्ञानिक प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से विशेष ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन की अध्यक्षता में यह प्रशिक्षण डी.ए.वी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, होशियारपुर में आयोजित किया गया। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार भी मौजूद थे। ट्रेनिंग के दौरान उन 50 गांवों के नोडल/क्लस्टर अफसरों, नंबरदारों और सरपंचों को शामिल किया गया, जहां पिछले वर्षों में पराली जलाने की घटनाएं अधिक दर्ज की गई थी।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और ग्राम प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पराली प्रबंधन के लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों को सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई गई मशीनरी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यह मशीनरी प्राथमिकता के आधार पर छोटे और सीमांत किसानों तक पहुंचे। उन्होंने नोडल और क्लस्टर अफसरों को यह भी कहा कि वे तुरंत अपने-अपने अलॉट किए गांवों में किसानों के साथ तालमेल बैठाकर जागरूकता फैलाएं और वैकल्पिक उपायों के माध्यम से पराली प्रबंधन को सफल बनाएं।
इस अवसर पर एस.डी.एम. टांडा परमप्रीत सिंह ने भी उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ज़िला प्रशासन का पूरा सहयोग करें और “ज़ीरो बर्निंग” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिम्मेदारी निभाएं।
सहायक कृषि इंजीनियर (उपकरण) इंजीनियर वरुण चौधरी ने किसानों को उपलब्ध करवाई गई मशीनों के प्रकार, उनके प्रयोग की तकनीक और पराली प्रबंधन के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एस.डी.ओ शविंदर सिंह ने नोडल और क्लस्टर अफसरों को एटीआर एप की ट्रेनिंग दी, ताकि पराली प्रबंधन से जुड़ी रिपोर्टिंग प्रभावी ढंग से हो सके।
मुख्य कृषि अधिकारी दपिंदर सिंह संधू ने इस मौके पर सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए जिला प्रशासन के साथ मिलकर पराली प्रबंधन अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस मौके पर डीएसपी डॉ. मनप्रीत कौर, डीएसपी देवदत्त शर्मा, एक्सीयन रुबल गोयल (पीपीसीबी), ए.आर गीता शर्मा सहित कृषि विभाग व प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।











