
फरीदाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। फरीदाबाद में बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों के साथ सारी हदें ही पार कर दी। सारन थाना क्षेत्र की न्यू जनता कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक और उसके दोस्त को बाइक पर अगवा कर लिया। उसके बाद अरावली की पहाड़ियों पर ले जाकर एक खंडहर कुएं में उलटा लटकाकर नंगा करके पीटा। इतना ही नहीं उनका वीडियो भी बना लिया। पीड़ित ने जब बदमाशों के हाथ पैर जोड़े तब जाकर उन्हें बाहर निकाला और फरार हो गए। आरोप है कि उन्होंनें कुकर्म करने की भी धमकी दी। युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 सितंबर करीब 3:49 बजे के आसपास वह अपने दोस्त के साथ कॉलोनी के सामने से बाइक मोड़ रहे थे। तभी अचानक तीन बाइकों पर सवार होकर पांच लड़के आए। उनकी बाइक के सामने दो बाइकें लगा दी। आरोप है कि बाइक सवारों ने दोस्त समेत जबरदस्ती बाइक पर बैठा कर अगवा कर लिया। फिर गुड़गांव पहाड़ी पर हनुमान मंदिर से पहले जंगल में ले गए।

पीड़ित का आरोप है कि अगवा करने वाले एक दूसरे का नाम हर्ष, हैरी, साहिल, हिमांशु कहकर बुला रहे थे। उन लड़कों ने उन्हें और उनके दोस्त को अलग से बांध दिया। पीड़ित को नंगाकर बांध दिया फिर लात, घूसों और बेल्टों से मारा। एक खंडहर नुमा कुएं में उल्टा लटका दिया। हमलावरों ने उनकी बाई आंख के पास कुछ नुकीली चीज से मारा, जिससे कुछ देर के लिए वह बेहोश भी हो गए। कुछ देर बाद होश में आए तो पांच लोगों ने उन्हें जबरन शराब पिलाई। डरा धमकाकर उनके फोन का पासवर्ड पूछ लिया। पेटीएम से सामान खरीद कर लिया। फिर उनकी जेब में रखे पांच हजार रुपये भी निकाल लिए। दोनों पीड़ितों ने उनके हाथ पैर जोड़े तब आरोपियों ने एक पायजामा पहनने के लिए दिया। धमकी दी कि तेरे घरवाले डबुआ थाने में बैठे है। अब तू हमारे साथ राजीनामा लिख कर दे, नहीं तो तुझे जान से मार देंगे। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तालाश करनी शुरू कर दी है।











