Thursday, October 22, 2026
Home National टौणी देवी में तीन दिवसीय अंडर-19 जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन

टौणी देवी में तीन दिवसीय अंडर-19 जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। राजकीय (उत्कृष्ट) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टौणी देवी में तीन दिवसीय अंडर-19 लड़कों के जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। मुख्य अतिथि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के  विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा ने टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर, गुब्बारे उड़ाकर एवं बास्केट में बॉल डालकर किया। उन्होंने परेड की सलामी भी ली। शुभारंभ अवसर पर बच्चों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। पंजाबी गिद्धा , देशभक्ति और नाटी ने विशेष आकर्षण पैदा किया और स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

Advertisements

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल केवल समय बिताने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को आकार देने वाली शक्ति हैं। खेल मनुष्य के अंदर अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता जैसे गुणों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को न केवल स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाते हैं बल्कि टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना भी जगाते हैं। बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए अभ्यास, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीतने वाले लोग हमेशा कुछ नया नहीं करते, बल्कि साधारण काम को असाधारण ढंग से करने की आदत डालते हैं। इस अवसर पर विधायक  ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के प्रयासों की सराहना की। मैदान में बनाए गए कारगिल शहीद स्मारक, बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी सुविधाओं के अभाव में बच्चों की प्रतिभा दब जाती है, जबकि अब इन सुविधाओं से विद्यार्थी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे। मुख्य अतिथि ने मैदान में स्थापित हाई मास्ट लाइट एवं ओपन जिम का उद्घाटन भी किया। साथ ही उन्होंने जिम को और आधुनिक  बनने की घोषणा  की। प्रधानाचार्य  रजनीश रांगड़ा ने   मुख्यातिथि महोदय का   विद्यालय के मिड-डे मील कक्ष निर्माण के लिए ₹90,000 की राशि स्वीकृत करवाने  एवं हाई मास्ट लाइट लगवाने के लिए  उनका हार्दिक आभार व्यक्त  करते हुए कहा कि हाई मास्ट लाइट के कारण अब यह मैदान रात के समय भी बच्चों को आकर्षित करेगा और खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी। ओपन जिम विद्यालय को खेल अनुदान एवं स्थानीय खिलाड़ियों के सहयोग से स्थापित किया गया है, जो विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here