
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। सुजानपुर उपमंडल के चबूतरा गांव में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की मदद का सिलसिला अभी भी जारी है। इनर व्हील क्लब ऑफ हमीरपुर ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर मानवता की मिसाल पेश करते हुए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और राहत सामग्री प्रदान की। क्लब की अध्यक्षा इना चौहान, उपाध्यक्ष मनोरमा, सचिव चेतना शर्मा, चित्रा मल्होत्रा, डॉ. अर्चना सोनी, लीला धीमान और विजय कपिल ने गांव पहुंचकर प्रत्येक परिवार को दस हजार रुपये की आर्थिक मदद और एक-एक कंबल भेंट किया।

यह राहत सामग्री पंचायत समिति सदस्य परवीन ठाकुर और राजपूत महासभा हमीरपुर जिला के महासचिव जोगिंदर ठाकुर की उपस्थिति में वितरित की गई। प्रभावित परिवारों नरोतम, किशोरी, सुनील, बंशी, ब्रह्म दास और बीर सिंह ने क्लब की इस पहल के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि क्लब भविष्य में भी इन परिवारों को राशन या अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।










