
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने सिंगड़ीवाला चौक से नलोइयां चौक तक क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग की रिपेयर के कार्य की शुरुआत करवाई। उन्होंने बताया कि करीब 50 लाख रुपए की लागत से इस सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी और यातायात सुचारू रहेगा।

विधायक ज़िम्पा ने बताया कि इस सड़क की देखरेख की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की है। इस संबंध में वे पहले ही सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिख चुके हैं ताकि विभाग इस पर शीघ्र कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि पहले भी आदमपुर से चौहाल तक राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की विशेष पहल पर 14 करोड़ रुपए की लागत से आदमपुर से चौहाल तक रिपेयर का कार्य करवाया गया था। बावजूद इसके, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से आदमपुर से चौहाल तक के हिस्से पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज़िम्पा ने बताया कि वे इस मामले में एक बार फिर सड़क एवं परिवहन मंत्री को पत्र लिखकर अपील करेंगे कि जालंधर–आदमपुर–चौहाल मार्ग के प्रोजेक्ट को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वे लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तीसरी बार स्वयं निरीक्षण के लिए यहां पहुंचे हैं और संबंधित विभागों को कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक ज़िम्पा ने बताया कि उन्होंने ऊना रोड के जल्द निर्माण की भी मांग केंद्र सरकार से की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वे डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ पहले ही विस्तृत बैठक कर चुके हैं ताकि क्षेत्र की सड़क सुविधाएं जल्द बेहतर हो सकें।
उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य व केंद्र सरकार के समन्वय से इन सभी परियोजनाओं को जल्द पूरा कर जनता को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस मौके पर मेयर सुरिंदर कुमार, पार्षद जसवंत राय काला के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।











