
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री गुरु तेग बहादुर जी की अद्वितीय शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित नगर कीर्तन के स्वागत की तैयारियों को लेकर आज जिला प्रशासकीय परिसर में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे, जबकि एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक विशेष रूप से मौजूद रहे।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि श्रीनगर से आरंभ हुआ यह नगर कीर्तन पठानकोट होते हुए 21 नवंबर को होशियारपुर जिले की सीमा में प्रवेश करेगा। यह मुकेरियां और दसूहा मार्ग से गुजरते हुए गुरुद्वारा रामपुर खेड़ा पहुंचेगा, जहां इसका रात्रि विश्राम निर्धारित है। अगले दिन, 22 नवंबर को नगर कीर्तन भूंगा और हरियाना से होकर होशियारपुर शहर पहुंचेगा, जहां जिला प्रशासन की ओर से इसे शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। तत्पश्चात नगर कीर्तन चब्बेवाल, माहिलपुर, सैला खुर्द और गढ़शंकर से होते हुए श्री आनंदपुर साहिब की ओर रवाना होगा।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर कीर्तन के पूरे मार्ग पर सफाई व्यवस्था, लंगर सेवा, पेयजल आपूर्ति, फूलों की वर्षा और अन्य सुविधाओं की समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने एस.डी.एमज. और डी.एस.पीज. को निर्देश दिया कि वे नगर परिषदों, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, मार्किट एसोसिएशनों, सरपंचों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ समन्वय बैठकों का आयोजन कर सभी प्रबंधों की बारीकी से समीक्षा कर डिप्टी कमिश्नर कार्यालय को सूचित करें।
इस अवसर पर एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक ने सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, एस.पी. मेजर सिंह, एस.पी. मनप्रीत शीमार, एस.डी.एम. होशियारपुर गुरसिमरनजीत कौर, एस.डी.एम. दसूहा कंवलजीत सिंह, एस.डी.एम. मुकेरियां अंकुर महेंद्रू, एस.डी.एम. गढ़शंकर संजीव कुमार, एसडीएम टांडा परमप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।












