
बठिंडा (द स्टैलर न्यूज) बठिंडा के गांव जीदा से आग लगने का मामला सामने आया है। जहाँ जीदा में स्थित स्पोर्टकिंग कंपनी की फैक्ट्री के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। हालांकि,घटना के समय फैक्ट्री बंद थी और सभी कर्मचारी अपने घर जा चुके थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

फैक्ट्री के जीएम राजपाल ने बताया कि सूचना मिली कि गोदाम नंबर 8 में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फैक्ट्री की अपनी फायर ब्रिगेड टीम तुरंत मौके पर पहुंची और साथ ही बठिंडा, एनएफएल और बाजाखाना से भी दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। लगभग 100 से अधिक कर्मचारियों और दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। राजपाल ने बताया कि आग के तेजी से फैलने के कारण कॉटन से भरा पूरा गोदाम जल कर राख हो गया। उन्होनें ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक सामने नहीं आया और सौभाग्य की बात है कि आग लगने के समय फैक्ट्री बंद थी। जिस कारण सभी कर्मचारी सुरक्षित है।












