Monday, October 19, 2026
Home Hoshiarpur “मीटिंग ऑन व्हीलज”: डिप्टी कमिश्नर व एसएसपी ने किया नगर कीर्तन मार्ग...

“मीटिंग ऑन व्हीलज”: डिप्टी कमिश्नर व एसएसपी ने किया नगर कीर्तन मार्ग का निरीक्षण

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। श्री गुरु तेग बहादुर जी की बेमिसाल शहादत के 350वें वर्ष को समर्पित नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर आज जिला प्रशासन ने एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल की। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक के नेतृत्व में सिविल व पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने “मीटिंग ऑन व्हीलज” के तहत बस पर सवार होकर मुकेरियां से होशियारपुर तक नगर कीर्तन मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान रास्ते के हर प्रमुख स्थान, सुरक्षा प्रबंध, लंगर स्थलों, बिजली व सफाई व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

Advertisements

इस निरीक्षण यात्रा में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, जिले के सभी एसडीएम, एसपी, डीएसपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। एक ही बस में बैठकर, मौके पर जाकर समस्याओं को देखना और समाधान तय करना इस पहल को विशेष बनाता है। यह “मीटिंग ऑन व्हील” न केवल एक प्रशासनिक प्रयोग रहा, बल्कि यह टीमवर्क और ज़मीनी स्तर पर समन्वय का बेहतरीन उदाहरण भी साबित हुआ।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि श्रीनगर से प्रारंभ हुआ यह ऐतिहासिक नगर कीर्तन पठानकोट होते हुए 21 नवंबर को होशियारपुर जिले में प्रवेश करेगा। यह मुकेरियां और दसूहा मार्ग से गुजरकर गुरुद्वारा रामपुर खेड़ा पहुंचेगा, जहां रात्रि विश्राम होगा। 22 नवंबर को नगर कीर्तन भूंगा और हरियाना होकर होशियारपुर शहर पहुंचेगा, जहां जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धा स्वरूप इसे गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद यह चब्बेवाल, माहिलपुर, सैला खुर्द व गढ़शंकर मार्ग से होता हुआ श्री आनंदपुर साहिब की ओर प्रस्थान करेगा।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने पत्रकारों को बताया कि सभी विभागों को निर्देश दिए कि मार्ग पर सफाई, बिजली, पेयजल, लंगर, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतरीन ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि लंगर कमेटियों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया है। एसडीएम और डीएसपी स्तर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों, नगर परिषदों, मार्किट एसोसिएशनों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठकें जारी हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस विभाग ने नगर कीर्तन के दौरान ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विस्तृत प्लान तैयार किया है। सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी। उन्होंने कहा कि “मीटिंग ऑन व्हीलज” का यह अभ्यास इस बात का प्रतीक है कि प्रशासन और पुलिस दोनों मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को श्रद्धा, अनुशासन और भव्यता के साथ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here