
ऊना (द स्टेलर न्यूज़)। पंजाबी गायक बब्बू मान विवादों में घिर गए हैं। बताया जा रहा है कि ऊना में मां चिंतपूर्णी महोत्सव का आयोजन किया गया था। जहां बब्बू मान को मां चिंतपूर्णी का गुणगान करने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन मां के भजन गाने की बजाय बब्बू मान ने हथियारों और शराब को बढ़ावा देने वाले गाने गाए, जिस पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है।

डेरा प्रमुख स्वामी अमरेश्वर दास ने कहा कि प्रशासन ने ऊना में मां चिंतपूर्णी के लिए औपचारिक जागरण का आयोजन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाबी गायक बब्बू मान ने मंच पर अश्लील गाने गाए और कार्यक्रम के दौरान शराब को बढ़ावा दिया गया।मंच पर लोगों को अश्लील गानों पर नाचने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने बब्बू मान और आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि माता देवी के मंदिर के सामने ऐसे गाने गाना सीधे तौर पर हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुँचाता है। जानकारी के मुताबिक, लुधियाना के हिंदू संगठनों ने डिप्टी कमिश्नर को शिकायत देकर मान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।












