
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) होशियारपुर का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी जालंधर मैडम गुरिंदरजीत कौर ने होशियारपुर में औपचारिक रूप से पदभार संभालते हुए काम शुरू कर दिया। इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी एलीमेंट्री अमनदीप शर्मा, प्रिंसिपल शैलेंद्र ठाकुर, प्रिंसिपल भारत भूषण, प्रिंसिपल धीरज वशिष्ठ, प्रिंसिपल त्रिलोचन सिंह, प्रिंसिपल जरनैल सिंह, जिला स्मार्ट क्लासरूम कोऑर्डिनेटर प्रिंसिपल जितेंद्र सिंह, प्रिंसिपल रमनदीप कौर, मुख्य अध्यापिका हरप्रीत कौर, दीप्ति ढिल्लों, लेक्चरर संदीप कुमार सूद, जिला कोऑर्डिनेटर रजनीश गुलियानी, सुपरीटेंडेंट हरजीत सिंह, नरेंद्र सोहल और मनीष कुमार सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

पदभार संभालने के पश्चात मैडम गुरिंदरजीत कौर ने कहा कि वह पहले भी होशियारपुर में इसी पद पर सेवाएं दे चुकी हैं और जिले की शिक्षा व्यवस्था व जरूरतों से पूरी तरह परिचित हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य एक तेज़, पारदर्शी और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली को बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि पहले की तरह ही प्रयास रहेगा कि शिक्षकों और विभागीय कर्मचारियों का कोई भी उचित काम कार्यालय में लंबित न रहे तथा जो भी फाइल उनके टेबल पर आए, उसे अधिकतम एक दिन में निपटा दिया जाए।उन्होंने विभागीय पत्रों, नीतियों और योजनाओं को समय पर लागू करवाने में स्कूल प्रमुखों के सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यालय और स्कूल एक ही प्रणाली के दो महत्वपूर्ण अंग हैं और दोनों के सहयोग से ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव हो सकता है।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर ध्यान केंद्रित करें, ताकि इस वर्ष पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में होशियारपुर जिला पिछली बार के मुकाबले बेहतर परिणाम और अधिक मेरिट प्राप्त कर सके।इससे पहले कार्यालय पहुंचने पर मैडम गुरिंदरजीत कौर का विभागीय कर्मचारियों ने प्रिंसिपल शैलेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।












