
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। विद्यार्थियों के वार्षिक परीक्षा में अच्छे नंबर लाने के लिए सरकारी स्कूलों के अध्यापक ओवर टाइम लगाकर बच्चों को पढ़ाई करवाने लगे हैं। इसी के चलते सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अज्जोवाल की अंग्रेजी मिस्ट्रेस सुकृति कश्यप सुबह स्कूल लगने से पहले स्कूल जाकर दसवीं कक्षा के बच्चों को अंग्रेजी विषय की अतिरिक्त तैयारी करवा रही है। उन्होंने बताया कि इस अतिरिक्त ओवर टाइम की पढ़ाई के अच्छे परिणाम आने लगे हैं। बच्चे अपनी छोटी-छोटी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं को भी उनके साथ साझा करने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि स्कूल समय के दौरान बच्चों को सिलेबस पूरा करवाया जा रहा है। लेकिन ओवर टाइम में विषय से संबंधित दोहराई करवाई जाती है ताकि बच्चा परीक्षा में किसी भी तरह का मेंटल स्ट्रेस ना ले। उसे पता हो कि उसने हर चीज को बारीकी से किया है और परीक्षा से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ओवर टाइम लगाने की प्रेरणा उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मैडम गुरिंदरजीत कौर तथा प्रिंसिपल रविंदर कौर से मिली है। जिन्होंने बताया कि बच्चों के परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए हमें उन्हें अधिक से अधिक समय देकर पढ़ाना होगा।












