Sunday, October 18, 2026
Home Crime पाकिस्तान में बस पर हमला, 18 यात्रियों का किया अपहरण, कई घायल

पाकिस्तान में बस पर हमला, 18 यात्रियों का किया अपहरण, कई घायल

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस पर हमला कर 18 यात्रियों का अपहरण कर लिया। यह बस सिंध से बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा की ओर जा रही थी। यह गंभीर घटना सोमवार रात घोटकी इलाके के पास, सिंध–पंजाब सीमा के करीब हाईवे लिंक रोड पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हथियारबंद हमलावरों ने पहले बस पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसके बाद उन्होंने बस को रुकवाया और पुरुष यात्रियों को नीचे उतारकर बंधक बना लिया। गोलीबारी में बस चालक और कुछ यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में सवार एक महिला यात्री ने बताया कि मौके पर 18 से 20 हमलावर मौजूद थे। सभी हमलावरों के चेहरे ढके हुए थे और वे भारी हथियारों से लैस थे।

Advertisements

महिला यात्री के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 25 यात्रियों को बस से उतरने के लिए कहा, लेकिन महिलाओं को किसी प्रकार की शारीरिक क्षति नहीं पहुंचाई गई। सिंध के गृह मंत्री के प्रवक्ता जिया उल हसन लांझर ने बताया कि ड्राइवर और खलासी के अलावा बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं और अपहृत यात्रियों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी समूह ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है। यह हमला एक बार फिर सिंध और बलूचिस्तान को जोड़ने वाले मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here