Thursday, October 15, 2026
Home Hoshiarpur नगर निगम कपूरथला में भ्रष्टाचार चरम पर जनता परेशान: अग्रवाल

नगर निगम कपूरथला में भ्रष्टाचार चरम पर जनता परेशान: अग्रवाल

कपूरथला (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-गौरव मढ़िया भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, दो बार जिला अध्यक्ष और 25 वर्षों तक पार्षद रहे श्याम सुंदर अग्रवाल ने नगर निगम कपूरथला की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ता जा रहा है और आम जनता इसका खामियाजा भुगत रही है।

Advertisements

श्याम सुंदर अग्रवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम में नक्शे खुलेआम रिश्वत के आधार पर पास किए जा रहे हैं। नियम-कानूनों को ताक पर रखकर अवैध निर्माणों को मंजूरी दी जा रही है, जबकि ईमानदार नागरिकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों पर मनमाने तरीके से टैक्स का बोझ डाला जा रहा है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने नगर निगम कमिश्नर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम कमिश्नर का कार्यालय रिश्वतखोरी का अड्डा बन चुका है। बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता और यदि कोई नागरिक सवाल उठाता है तो उसे नाजायज नोटिस भेजकर डराया-धमकाया जाता है।

अग्रवाल ने कहा कि कपूरथला को कभी “पंजाब का पेरिस” कहा जाता था, लेकिन आज वही विरासत शहर बदहाली का शिकार हो चुका है। शहर के अधिकांश मोहल्लों में गंदगी का माहौल, टूटी हुई गलियां, और सड़कों पर बड़े-बड़े खड्डे जनता के लिए मुसीबत बने हुए हैं। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, लेकिन नगर निगम आंखें मूंदे बैठा है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम विकास कार्यों के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति कर रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई वास्तविक विकास नजर नहीं आता। श्याम सुंदर अग्रवाल ने पंजाब सरकार से मांग की कि नगर निगम कपूरथला में हो रहे भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अंत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी और कपूरथला की विरासत, स्वच्छता और विकास के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here