Monday, October 26, 2026
Home Education गणित मेले में विद्यार्थियों ने दिखाए जौहर, पारुल ने हासिल किया प्रथम स्थान

गणित मेले में विद्यार्थियों ने दिखाए जौहर, पारुल ने हासिल किया प्रथम स्थान

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिक्षा विभाग पंजाब की हिदायतों और एससीईआरटी के निर्देशानुसार, ब्लॉक भुंगा-2 के गणित मेले का भव्य आयोजन सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ढोलबाहा में किया गया। यह मेला भारत के महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस (राष्ट्रीय गणित दिवस) को समर्पित ‘गणित सप्ताह’ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था 2। कार्यक्रम का सफल आयोजन ब्लॉक नोडल ऑफिसर प्रिंसिपल रंजीत सिंह और स्कूल इंचार्ज सुभाष शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ। ब्लॉक रिसोर्स पर्सन सचिन कुमार द्वारा प्रबंधित इस मेले में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया सरकारी निर्देशों के अनुसार, प्रतियोगिता मुख्य रूप से पांच थीमों पर आधारित थी: मनोरंजन गणित, गणितीय मॉडलिंग, सूचना प्रौद्योगिकी के साथ गणित का एकीकरण, दैनिक जीवन में गणित के अनुप्रयोग और भारतीय लोकाचार में गणित।

Advertisements

प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल की भूमिका गुरबचन राम, दीपिका, रोहित कुमार और मनदीप सिंह ने निभाई। कड़े मुकाबले के बीच ढोलबाहा स्कूल की पारुल ने ‘मैथमेटिक्स इन इंडियन एथोस: फ्रॉम एनशिएंट रूट्स टू मॉडर्न डिस्कवरीज’ थीम में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया। वहीं, संजना ने गणितीय मॉडलिंग में दूसरा और प्रिया ने ‘रिक्रिएशनल मैथमेटिक्स’ थीम में तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। ब्लॉक नोडल ऑफिसर प्रिंसिपल रंजीत सिंह ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पारुल अब 22 दिसंबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेगी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ-साथ गाइड अध्यापकों को भी उनकी मेहनत के लिए सराहा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here