
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर में एक बार फिर से लूट एवं चोरी की बढ़ती घटनाओं ने शहर निवासियों की धडक़ने तेज कर दी हैं। रात के समय तो लोगों का घरों से निकलना दूभर बना ही हुआ था, मगर अब दिन के समय भी लोगों के लिए घर को छोडक़र जाना किसी मुसीबत को दावत देने के समान बनता जा रहा है।

चोरी की ताजा घटना में होशियारपुर के जालंधर रोड स्थित मोहल्ला गोकल नगर में गली नंबर 2 में चोरों ने दिन दिहाड़े एक पूर्व सैनिक के घर को निशाना बनाते हुए घर की अल्मारी तोडक़र वहां नई कार लेने के लिए रखी 5 लाख रुपये की नकदी और करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार वालों को चोरी का उस समय पता चला जब वे मंदिर से घर लौटे और उन्होंने घर के ताले और अल्मारी को टूटे व सामान बिखरा हुआ देखा। पुलिस ने सूचना मिलते ही जांच शुरु कर दी थी।

इस संबंधी जानकारी देते हुए उदेश कुमार ने बताया कि वे आर्मी से रिटायर्ड हैं तथा उनका बेटा भी आर्मी में है। उन्होंने बताया कि आज 25 मार्च को श्री राम नवमी होने के कारण वे सभी परिवार वाले मंदिर में सुबह करीब 10 बजे श्रीराम जन्म महोत्सव में भाग लेने के लिए गए हुए थे। उन्होंने बताया कि जब वे दोपहर करीब 1 बजे मंदिर से घर लौटे तो घर के दरवाजे टूटे हुए थे। जब अंदर जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था तथा अल्मारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि उनकी ज्वाइंट फैमिली है तथा उनके साथ-साथ में दो घर हैं। उन्होंने बताय कि चोरों ने दोनों घरों में वारदात को अंजाम दिया और घर में रखी 5 लाख रुपये की राशि जोकि उन्होंने नई कार खरीदने के लिए जमा की थी के अलावा करीब 15 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करके ले गए।
दिनदिहाड़े चोरों द्वारा इस घटना को अंजाम दिए जाने की सूचना मिलते ही थाना माडल टाउन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया और चोरी की जांच शुरु कर दी है।












