
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंतर जिला अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में होशियारपुर टीम ने हरिदत्तदीप सिंह के शानदार 139 तथा युवराज ठाकुर के 68 रनों की बदौलत फतेहगढ़ साहिब को 86 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत अर्जित की। इस संबंधी जानकारी देते हुए एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने बताया कि होशियारपुर की टीम ने टॉंस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 50 ओवरों में 282 रन बनाए। जिसमें हरदित्तदीप सिंह ने 139, युवराज ठाकुर ने 68, लक्ष्यदीप सिंह संधू ने 27 तथा मनन नारायण ने नावाद 14 रनों का योगदान दिया। जीत के लिए 50 ओवरों में 285 रनों का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी फतेहगढ़ साहिब की टीम होशियारपुर की टीम की शानदार गेंदबाजी के आगे केवल 196 रन बनाकर आल आउट हो गई। जिसमें आकाश यादव ने 102 तथा हरमनदीप ने 27 रनो का योगदान दिया। होशियारपुर की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए राजवीर, ईशान तथा आराध्य शर्मा ने 2-2 विकेट तथा कप्तान मनन नारायण ने 1 खिलाड़ी को आउट किया।

इस जीत के साथ होशियारपुर ने 4 अंक प्राप्त किए। होशियारपुर की इस जीत पर एचडीसीए अध्यक्ष डा. दलजीत खेला, डा. पंकज शिव, संयुक्त सचिव विवेक साहनी ने समूह एसोसिएशन की ओऱ से टीम को बधाई दी। इस अवसर पर जिला मुख्य कोच दलजीत सिंह, जूनियर कोच दलजीत धीमान, पंकज पिंका, दिनेश शर्मा, जिला महिला कोच दविंदर कौर, जूनियर कोच निकिता कुमारी ने इस जीत पर खुशी प्रकट करते हुए खिलाड़ियों से आगे भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जाहिर की। इस अवसर पर जिला ट्रेनर व पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी कुलदीप धामी तथा कोच तारा चंद, सोढी राम, कोच दीपक कुमार, सलैक्टर नरेश कालू, पूर्व क्रिकेटर अनिल हंस ने भी खिलाड़ियों की इस जीत पर बधाई दी। डा. घई ने बताया कि होशियारपुर का अगला मुकाबला 30 दिसंबर को नवांशहर के साथ होशियारपुर में खेला जाएगा।












