
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज) नीरज धीमान। पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक नई पहल की जा रही है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पंजाब ने कॉमर्स और अंग्रेजी विषय के नवनियुक्त लेक्चरर के लिए दो दिवसीय राज्य स्तरीय इंडक्शन ट्रेनिंग वर्कशॉप का आयोजन किया है । यह ट्रेनिंग वर्कशॉप चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित RICM संस्थान में आयोजित की जाएगी।

तीन चरणों में होगा प्रशिक्षण
SCERT की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक, यह ट्रेनिंग कुल तीन अलग-अलग ग्रुपों में आयोजित की जाएगी, जिसका समय सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है:
- ग्रुप 1: 3 और 4 फरवरी 2026 को अंग्रेजी विषय के 66 लेक्चरर हिस्सा लेंगे ।
- ग्रुप 2: 5 और 6 फरवरी 2026 को अंग्रेजी विषय के 65 लेक्चरर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे ।
- ग्रुप 3: 9 और 10 फरवरी 2026 को कॉमर्स विषय के 40 नवनियुक्त लेक्चरर इसमें शामिल होंगे।
- सभी जिलों को निर्देश जारी
- SCERT के निदेशक ने समूह जिला शिक्षा अधिकारियों (SE) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिले के हर एक नवनियुक्त अंग्रेजी और कॉमर्स लेक्चरर की उपस्थिति सुनिश्चित करें । विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनिंग में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को उनका यात्रा भत्ता (TA) नियमों के अनुसार संबंधित जिले की डाइट (DIET) के टीचर ट्रेनिंग फंड से दिया जाएगा । स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित शिक्षकों को समय पर कार्यमुक्त करें ताकि वे वर्कशॉप में समय पर पहुंच सकें ।












